Tuesday, October 20th, 2026

नगरीय निकाय चुनाव: वीडी शर्मा करेंगे जिलों के संगठनात्मक दौरे

भोपाल
जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों में कसावट लाने और निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा जल्द ही जिलों के दौरे करेंगे। इस दौरान नगरीय निकायों के चुनाव को देखते हुए जिला और शहरी क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा का सर्वाधिक फोकस बूथ और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद पर रहेगा।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा के यह दौरे 14 फरवरी के बाद होंगे जिसको लेकर संगठन द्वारा प्लानिंग की जा रही है कि कब किन जिलों में प्रदेश अध्यक्ष बैठकें लेने जाएंगे? पार्टी सूत्रों का कहना है कि चूंकि अब जिला और मंडल अध्यक्ष घोषित हैं और कार्यसमिति की घोषणा भी किसी दिन की जा सकती है। इसलिए संगठनात्मक कसावट के लिए प्रदेश अध्यक्ष जिलों में जाएंगे।

यहां भाजपा की रीति नीति का पालन करने वाले कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने और अनुशासन में रहने की सीख भी दी जाएगी। साथ ही निकाय चुनाव में पार्षद, महापौर, नपा व नगर परिषद अध्यक्ष के लिए दावेदारी करने वाले संभावित नेताओं के बारे में भी चर्चा होगी। पार्टी किसी भी स्थिति में सभी 16 नगर निगम वापस अपने कब्जे में रखने के लिए कोशिश में जुटी है।

इसके लिए संगठन का मानना है कि बूथ कार्यकर्ता की सक्रियता ही जीत का रास्ता तय करेगी। इसलिए बूथ अध्यक्षों से सीधा संवाद प्रदेश अध्यक्ष करेंगे।

नगरीय निकायों के चुनाव के मद्देनजर सीएम शिवराज सिंह चौहान के दौरे पहले से चल रहे हैं। वे निकायों का पांच साल का रोडमैप मंजूर करने के साथ एक साल में किए जाने वाले कामों पर अधिक फोकस कर रहे हैं। सीएम चौहान ने करीब दर्जन भर नगर निगम क्षेत्रों के दौरे पूरे कर लिए हैं।

 

#नगरीय निकाय चुनाव#वीडी शर्मा

Source : Agency

पाठको की राय